अमृतसरः पंजाब में बाढ़ आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पहली बार राज्य का दौरा कर हवाई सर्वे किया। इसके बाद गुरदासपुर के तिबड़ी कैंट में राज्य सरकार के मंत्रियों, अधिकारियों और भाजपा नेताओं से मुलाकात भी की। इस मौके पर पीएम ने पंजाब को 1600 करोड़ रुपए का पैकेज देने का ऐलान किया।
इस दौरे को लेकर अमृतसर में राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यावाद किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने किसानों, मजदूरों और बाढ़ प्रभावित परिवारों से सीधी बातचीत भी की। इस दौरान राहत पैकेज को लेकर उन्होंने बताया कि 12000 करोड़ो एनडीआरएफ और इसके अलावा 1600 करोड़ का राहत पैकेज देने की घोषणा की है। इस पैकेज में हर वर्ग के लिए सुविधाओं का प्रावधान है, जिनके घर टूट गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिलेगा। जिन परिवारों ने अपने सदस्यों को खोया है, उन्हें 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
इसके अलावा, पशुधन के नुकसान, बीमारियों के लिए विशेष मिनी-किट, अनाथ बच्चों की देखभाल, डीजल पंप और बोरवेल की मरम्मत, स्कूलों और सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए भी योजनाएं बनाई गई हैं। प्रधानमंत्री ने भविष्य में बाढ़ से बचाव के लिए एक बांध बनाने की भव्य योजना की भी घोषणा की है। तरुण चुघ ने कहा कि यह यात्रा पंजाब के जख्मों पर मरहम लगाएगी।