मोगाः जिले में आवारा कुत्तों का कहर फिर से बढ़ना शुरू हो गया। वहीं ताजा मामला कस्बा निहाल सिंह वाला के वार्ड नंबर 10 से सामने आया है, जहां गली में 3 वर्षीय बच्ची पर गली में घूम रहे आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। हादसे में बच्ची घायल हो गई। घायल बच्ची की पहचान समृति के रूप में हुई है। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आवारा कुत्ते के पास बच्ची खड़ी थी और उसे हाथ से प्यार कर रही थी।
इस दौरान अचानक कुत्ते ने काट लिया। वहीं मौके पर गली में सफाई कर रही महिला बच्ची के पास आई तो कुत्ता भाग गया। मामले की जानकारी देते हुए बच्ची के पिता ने कहा कि बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को गंभीर इंजरी होने की बात बताई। डॉक्टरों ने कहा कि यह 3 टाइप कैटागरी की इंजरी है। पीड़ित ने कहा कि प्रशासन द्वारा आवारा कुत्तों को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
उन्होंने कहा कि बच्चे रोजाना गली में खेलते है, लेकिन गली में 10 से 12 कुत्ते घूमते है। जिसके चलते अब इलाका निवासियों मे दहशत का माहौल पाया जा रहा है। वहीं सिविल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए परिवार ने कहाकि सिविल अस्पताल में ना तो उन्हें डॉक्टर मिला और ना ही वैकसिन मिली। जिसके चलते उसे बाहर से महंगे टीके लगवाने पड़े। वहीं पीड़ित पिता ने प्रशासन से अपील की कि वह आवारा कुत्तों को लेकर कार्रवाई करें।
