लुधियानाः खन्ना के समराला रोड पर सड़क हादसे की घटना सामने आई है। जहां तेज रफ्तार कार ने 4 वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार ने वाहनों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं घटना में एक बुलेट चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बुलेट चालक की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है।
अभिषेक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जानकारी देते हुए अभिषेक ने बताया कि वह दवा लेकर काम पर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से वाहन ने टक्कर मार दी। वहीं मौके पर मौजूद चश्मदीद बावा ने बताया कि तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई और उसने 4 वाहनों को टक्कर मार दी, जिनमें 2 बाइक भी शामिल थीं।
दूसरी ओर राहगीर नरिंदरजीत सिंह का कहना है कि सड़क के बीचो-बीच एक बड़ा गड्ढा है। गड्ढा होने को लेकर घटना स्थल पर कोई साइन बोर्ड भी नहीं लगा हुआ। जिसके चलते यह हादसे हो रहे है। दूसरी ओर सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. मनिंदर भसीन ने बताया कि उनके पास एक्सीडेंट केस में अभिषेक नामक मरीज आया है, जिसका उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि अभिषेक की हालत खतरे से बाहर है।