फरीदकोटः सादिक रोड पर गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज के नजदीक तेज रफ्तार कार ने बाइक और एक्टिवा सवार को टक्कर मार दी। इस घटना में बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। बाइक सवार मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई। वहीं जीजीए मेडिकल कालेज के एमबीबीएस के 2 विद्यार्थी गंभीर घायल हो गए। जिनमें एक युवती भी शामिल है। जानकारी के अनुसार सादिक चौक की ओर से एक तेज रफ्तार कार द्वारा गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज के नजदीक आगे जा रही एक्टिवा को टक्कर मार दी। लेकिन इसके बावजूद कार सवार नहीं रुका और उसने कार भगाने का प्रयास किया।
इसी घबराहट में उसने आगे जा रहे एक ओर बाइक को टक्कर मार दी। हालांकि उसके बावजूद कार चालक ने कार भगाने का प्रयास किया। परंतु कार का टायर फटने के कारण उसे रुकना पड़ा। जिसके पश्चात राहगीरों द्वारा जहां उसे पकड़ कर पुलिस को सौंपा गया। आरोपी कार चालक की पहचान बठिंडा निवासी युवराज सिंह के रूप में हुई है। जो यहां अपनी किसी रिश्तेदारी में आया हुआ है।
वहीं दूसरी ओर घायलों को गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज व अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने बाइक सवार बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक्टिवा सवार घायल युवक व युवती की पहचान जीजीएस मेडिकल कालेज के एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्र अजय चौधरी तथा कृष्णा पिलानिया के रूप में हुई है। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों की एक टांग की नीचे से हड्डी टूट गई। जबकि लड़की कृष्णा पिलानिया का जबड़ा भी टूट गया है। इस संबंध में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।