पठानकोटः होली का त्यौहार रंगों का त्योहार है। इस त्यौहार को हर कोई अपने परिवार के साथ बड़ी खुशियों से मनाता है। वहीं दूसरी ओर अपने घरों से दूर हमारी सीमा के प्रहरी इस त्यौहार में अपनों से दूर रहकर भी इस होली का त्योहार अपने साथियों के साथ बड़ी धूमधाम से मनाते हैं। ऐसा कुछ ही देखने को मिला पठानकोट के साथ लगते इंडो-पाक बॉर्डर के बमियाल सेक्टर की पहाड़ीपुर पोस्ट पर, जहां पर बीएसएफ के जवानों की ओर से होली मनाई गई।
जिसमें देश की खातिर अपनी जान न्योछावर करने वाले जवानों के शहीद परिवार भी इंडो पाक सीमा पर पहुंचे जहां पर होली के रंगों का तिलक लगाकर देश भक्ति के गीतों पर नाचकर होली की शुभकामनाएं सभी को दी और पूरा इलाका भारत माता की जय से गूंज उठा।
शहीद परिवार सुरक्षा परिषद के महासचिव रविंदर विक्की ने बताया कि होली के त्यौहार पर हम कई बार उन लोगों को भूल जाते हैं जिनकी वजह से आज हम त्यौहार मना रहे हैं। इसलिए उन लोगों को भी याद करके उनके परिवारों के साथ होली मनाकर हम एक अच्छा संदेश देते हैं। इसी के चलते बीएसएफ पोस्ट पर शहीदों के परिवारों के साथ होली का त्यौहार मनाया गया। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हम अपने देश के जवानों के साथ होली मना रहे हैं।
इससे जहां शहरी परिवारों को जहां आकर ऐसा लगता है कि वो अपने शहीद हुए बच्चों के साथ हैं, वहीं इन जवानों को भी परिवार की कमी महसूस नहीं होती और उनका मनोबल भी बढ़ता है। इसी के साथ होली पर जवान भी ओर सक्रीय होते हैं, ताकि विरोधी देश किसी तरह की कोई अनहोनी घटना को अंजाम न दे। उन्होंने सभी को खुशी और प्रेम के साथ होली मनाने का संदेश दिया।