अमृतसरः जिले के मजीठा क्षेत्र के एक गांव में मेहता पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.3 किलो हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में हेरोइन की खेप लेकर जा रहा था, तभी गुप्त सूचना के आधार पर मेहता पुलिस ने उसे काबू किया। तलाशी के दौरान गाड़ी से 4.3 किलो हेरोइन बरामद हुई। इतना ही नहीं, पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्तौल और 30 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है।
मेहता पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ चल रही मुहिम में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इलाके में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल आरोपी को आज दोपहर बाबा बकाला कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उसकी रिमांड हासिल कर आगे की पूछताछ करेगी।
