अमृतसरः नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार किया है। देहात में थाना लोपोके की पुलिस ने तस्कर को काबू करके कब्जे से 4.5 किलो हेरोइन की खेप बरामद किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी एचएस गिल ने बताया कि थाना लोपोके की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हरप्रीत सिंह उर्फ लव हेरोइन की तस्करी करता है। आज वह भारी मात्रा में हेरोइन की खेप लेकर गांव शहूरा में घूम रहा था।
जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना लोपोके की पुलिस ने हरप्रीत सिंह उर्फ लव को 4 किलो 500 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना लोपोके में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उक्त आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ लव के पाकिस्तान के तस्करों के साथ संबंध हैं और यह पाकिस्तान से हेरोइन मंगवा कर आगे सप्लाई करने का धंधा करता है। और इस व्यक्ति के पाकिस्तान के साथ किस तरह के संपर्क थे, उसकी अभी जांच चल रही है।