लुधियाना : सब्जी मंडी के बाहर देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना में एक युवक की टांग पर गोली लगी है, जबकि अन्य साथियों ने रेहड़ियों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने पीड़ितों के बयान के आधार पर 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित जसकिरत सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले वह अपने दोस्तों रिहान, गौतम, विनय और राजा सिन्हा के साथ बाइक और एक्टिवा पर घर लौट रहा था। जैसे ही वे सब्जी मंडी गेट नंबर 2, बहादुर के रोड के सामने पहुंचे, वहां शराब के ठेके के पास कुछ युवक पहले से मौजूद थे।
Punjab News: सब्जी मंडी के बाहर चली गोलि-यां, एक युवक घाय-ल, देखें CCTV #punjabnews #breakingnews #viralvideo pic.twitter.com/Lm8HgnKDhv
— Encounter India (@Encounter_India) October 26, 2025
पीड़ितों के अनुसार, उन युवकों ने आवाज लगाई और अचानक हमला कर दिया। जब जसकिरत और उसके दोस्त भागने लगे, तो आरोपी नरेश सेठी ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी। गोली राजा सिन्हा की बाईं टांग पर लगी, जिससे वह एक्टिवा सहित सड़क पर गिर पड़ा। राजा को उठाने की कोशिश करते समय बदमाशों ने पीड़ितों के साथ मारपीट भी की। जान बचाने के लिए सभी दोस्तों ने रेहड़ियों के पीछे छिपकर खुद को बचाया। घटना स्थल के पास लगी CCTV फुटेज में कुछ युवक भागते और अपनी जान बचाते दिखाई दे रहे हैं। अचानक हुई इस फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया था।
पीड़ितों की शिकायत पर थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने कार्रवाई करते नरेश सेठी, कन्नू, जतिन, विक्रम, संदीप और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। फिलहाल घायल राजा सिन्हा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।