लुधियानाः थाना डेहलों के अधीन पड़ते गांव लहरा में उस समय हंगामा हो गया, जब देर रात हथियारबंद बदमाशों ने ट्रक यूनियन के प्रधान और आम आदमी पार्टी के ट्रांसपोर्ट विंग गिल हल्के के को-ऑर्डिनेटर सुखविंदर सिंह उर्फ़ शिंदा के घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने शिंदा की घर के बरामदे में खड़ी उसकी स्विफ्ट डिज़ायर कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वही उसके घर पर गोलियां चलाई।
गनीमत रहे कि उक्त सारी घटना में कोई घायल नही हुआ है। हमलावरों ने घर मे आग लगते हुए उसे जोर जोर से गालियां निकालनी शुरू कर दी। जिनकी आवाज सुन शिंदा घर से बाहर निकला। तभी हमलावरों ने उसपर एक के बाद एक 6 गोलियां चलाई। उक्त सारी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों से कैद हो गई। गांव में गोलियां चलने की सूचना मिलने पर सारे गांव वाले इकट्ठे हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद थाना डेहलों की पुलिस मौके पर पुहंची।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को जांचा तो सामने आया कि कुल पांच हमलावरों ने शिंदा के घर पर हमला किया था। हमलावर एक सफेद कार में आए थे। तीन गेट फांदकर घर के अंदर घुसे, जबकि दो बाहर कार में बैठे रहे। शिंदा ने आरोप लगाया कि यह हमला ड्रग माफिया की रंजिश का नतीजा है। उनके अनुसार हथियारबंद आरोपियों में से एक की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ कुलदीप मानक के रूप में हुई है।
जो एक कुख्यात ड्रग तस्कर है। कुछ समय पहले पंजाब सरकार की ‘नशों के खिलाफ जंग’ मुहिम के समर्थन में उन्होंने कुलदीप के एक साथी को गिरफ्तार करवाने में पुलिस की मदद की थी। इसी कारण कुलदीप ने यह हमला किया। डेहलौं पुलिस ने सुखविंदर सिंह शिंदा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकि के आरोपितों की तलाश की जारी है।