लुधियानाः जिले के थाना सरभा नगर के एसएचओ आदित्य शर्मा के खिलाफ पुलिस कमिश्नर ने बड़ी कार्रवाई की। दरअसल, एसएचओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सूत्रों के अनुसार शर्मा को फिल्लौर में आयोजित एक अहम ट्रेनिंग सेशन में शामिल होना था लेकिन वह कथित तौर पर वहां पहुँचे ही नहीं। सूत्र बताते हैं कि गैर-हाजिरी के बाद स्थिति तब और बिगड़ गई जब सब-इंस्पेक्टर स्तर के एक अधिकारी ने उच्चाधिकारियों को बताया कि आदित्य शर्मा ने विभागीय कर्मियों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया।
पूरा मामला तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से पुलिस कमिश्नर के संज्ञान में लाया गया। उच्च पुलिस सूत्रों ने बताया कि शिकायतें और प्रारंभिक रिपोर्ट मिलने के बाद कमिश्नर ने बिना देर किए एसएचओ को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया। बताया जा रहा है कि विभाग की ओर से इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट भी पुलिस कमिश्नर को भेजी गई थी जिसके बाद ही यह कार्रवाई की गई।
पुलिस विभाग के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि अधिकारियों ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता का मामला मानते हुए तुरंत कार्रवाई को जरूरी समझा। विभाग अब इस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रहा है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक एसएचओ आदित्य शर्मा के निलंबन के बाद थाना सराभा नगर में भी हलचल बनी हुई है। अधिकारी अब पूरे रिकॉर्ड और बयान जुटाने में लगे हैं ताकि जांच रिपोर्ट मजबूत हो सके।
