अमृतसर: सचखंड श्री दरबार साहिब में दिवाली और बंदीछोड़ दिवस के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। सुबह से ही संगत माथा टेकने के लिए गुरुद्वारा साहिब पहुंचने लगी और पूरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र स्थान पर हाजिरी लगाकर अरदासें कीं और सुख-शांति की कामना की।
श्री दरबार साहिब को इस विशेष अवसर पर अद्भुत रोशनी से सजाया गया था। शाम के समय संगत द्वारा दीपमाला की गई, जिससे पूरा परिसर जगमगा उठा। शाम को रहिरास साहिब का पाठ किया गया। इसके पश्चात दरबार साहिब के प्रांगण में शानदार और अलौकिक आतिशबाजी का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा आकाश देख श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर किसी में इस दृश्य को देखने की खुशी और उल्लास झलक रहा था। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) द्वारा संगत की सुविधा और सुरक्षा हेतु विशेष प्रबंध किए गए थे।