बठिंडाः जिले में कबड्डी के बाद आज से किश्तियों के मुकाबले को लेकर पहली बार रोइंग चैंपियनशिप हो रही है। इस चैंपियनशिप के दौरान पंजाब भर से लगभग 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान सीनियर और जूनियर वर्ग के 1000 मीटर में लड़के और लड़कियों के विभिन्न वर्गों के मुकाबले कराए गए।
मामले की जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर पूनम सिंह ने बताया कि पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन, रोइंग एसोसिएशन बठिंडा और खेल विभाग के सहयोग से स्थानीय झील नंबर 3 पर 28 और 29 मार्च को पहली बार 16वीं राज्य स्तरीय सीनियर और जूनियर रोइंग चैंपियनशिप करवाई जा रही है।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि चैंपियनशिप आज से शुरू हो चुकी है। जिसमें पूरे पंजाब भर के खिलाड़ी शामिल हुए हैं। इसको लेकर खिलाड़ियों के लिए खाने-पीने और रहने-सहने के सभी प्रबंध अच्छी तरह से किए गए हैं। इस चैंपियनशिप से जो भी गोल्ड मेडल हासिल करेगा, वह नेशनल के लिए खेलने के लिए जाएगा। खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए पानी में बजरी मिलाई गई है। क्योंकि यह मुकाबला पानी में ही होता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नशों से दूर रखने के लिए खेल को जोड़ने के उद्देश्य से यह मुकाबला कराया जा रहा है।