अमृतसरः क्राइम की वारदातों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त एक्शन लिया जा रहा है। वहीं देहात के ब्यास इलाके में वीरवार दोपहर पुलिस और गैंगस्टरों में मुठभेड़ हो गई। एसएसपी मनिंदर सिंह और डीएसपी गुरिंदर पाल सिंह नागरा की अगुवाही में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों तरफ से करीब 20 से 22 राउंड फायर किए गए। बताया जा रहा हैकि विदेश बैठे कुख्यात गैंगस्टर जीवन फौजी के 2 गुर्गे पुलिस मुठभेड़ में जख्मी हुए हैं, जबकि तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। घायलों की पहचान संदीप जानी और और हैरी के रूप में हुई है।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि ब्यास क्षेत्र में जिला कपूरथला के काला सांगा गांव के बदमाश संदीप जानी, हैरी और अमन छुप कर बैठे हैं। तीनों बदमाश विदेश बैठे अपने आका गैंगस्टर जीवन फौजी के इशारे पर पंजाब भर में रंगदारियां मांग रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आशंका है कि तीनों के खिलाफ माझा क्षेत्र में रंगदारी वसूलने हत्या और हत्या प्रयास के कई मामले दर्ज हैं। घायल हुए दोनों बदमाशों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। एक को गिरफ्तार कर सीआईए स्टाफ ले जाया गया है।