अमृतसरः पंजाब भर में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत पुलिस द्वारा लगातार तस्करों के खिलाफ और उनकी इमारतों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सदर के क्षेत्रों में पुलिस ने एक और नशा तस्कर के घर पर पीला पंजा चलाकर धवस्त कर दिया। ऐसे में अब तक शहर में 21 वें नशा तस्कर के घर पर कार्रवाई की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर विजय आलम सिंह ने बताया कि जिस तस्कर के घर पर कार्रवाई हुई, उसकी पहचान 25 वर्षीय इशू पुत्र अमरनाथ के रूप में हुई है। इशू 88 फुट रोड, अमृतसर का निवासी है।
उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ लगभग 4 मामले दर्ज हैं। इनमें से 2 मामले चोरी के हैं जबकि 2 मामले नशा तस्करी से संबंधित हैं। डीसीपी ने बताया कि आरोपी का एक और भाई प्रिंस भी है, जिसके खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। फिलहाल दोनों भाई पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और उनकी तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि नशा विरोधी मुहिम के तहत अमृतसर पुलिस ने अब तक सैकड़ों रेड की जा चुकी हैं।
कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। पुलिस ने 274 किलो से अधिक हेरोइन, 31 किलो से अधिक अफीम, 6 किलो से अधिक चरस, 15 किलो से अधिक गांजा और 325 किलो से अधिक नार्कोटिक पाउडर जब्त किए हैं। डीसीपी ने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी और नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।