मोगाः पंजाब सरकार द्वारा राज्य को नशा मुक्त बनाने की मुहिम जारी है। इसी के तहत नशे के खिलाफ युद्ध अभियान के अंतर्गत पंजाब पुलिस द्वारा नशा तस्करों की गिरफ्तारी के लिए जोरदार अभियान चलाया जा रहा है। मोगा जिले में भी यह मुहिम लगतार जारी है।
एसएसपी अजय गांधी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप धर्मकोट विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में डीएसपी रमनदीप सिंह की अगुवाई में एक बड़ा कासो ऑपरेशन चलाया गया। इस ऑपरेशन में लगभग 100 पुलिस मुलाजिम शामिल हुए जिन्होंने विभिन्न गांवों में जाकर नशा तस्करों के घरों की तलाशी ली।
अभियान के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धर्मकोट क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार चेकिंग की जा रही है और कई नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
