लुधियानाः मिडिल ईस्ट में भड़की युद्ध की आग ने अब सीधे आपकी जेब को झुलसाना शुरू कर दिया है। देश की सबसे बड़ी प्राइवेट फ्यूल रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल-डीजल के दाम में 5 रुपए प्रति लीटर तक की भारी बढ़ोतरी कर दी है। ये नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू भी हो गई हैं। महीनों से चले आ रहे ‘प्राइस फ्रीज’ के बाद यह आम आदमी के लिए एक बड़ा और डराने वाला झटका है। रूस की दिग्गज कंपनी रोसनेफ्ट के बैकअप वाली नायरा एनर्जी ने अलग-अलग राज्यों में स्थानीय टैक्स (VAT) के चलते कई जगहों पर दामों में बढ़ौतरी की है। हालांकि सरकारी कंपनियों के दाम अब भी स्थिर हैं।
नायरा ने पंजाब भर में नए रेट सुबह से ही लागू कर दिए हैं। लुधियाना में नायरा के पंप पर पेट्रोल 103.31 और डीजल 90.96 प्रति लीटर मिल रहा है। पहले पेट्रोल 98.31 और डीजल 87.96 रुपए प्रति लीटर मिलता था। नायरा फिलिंग स्टेशन एयरपोर्ट रोड मोहाली पर पेट्रोल के रेट ₹5 प्रति लीटर और डीजल के रेट ₹2 प्रति लीटर बढ़ गए हैं। पहले पेट्रोल के दाम 98.45 रुपए प्रति लीटर था, जो अब बढ़कर 103.45 रुपए प्रति लीटर हो गया है। डीजल के रेट पहले 89.12 रुपए प्रति लीटर थे जो अब 91.12 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं।
लुधियाना में नायरा के पंप पर पेट्रोल अब 103.31 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। पंप के मालिक राजन कपूर ने बताया कि जंग का असर पूरी दुनिया में है। महंगाई बढ़ रही है। कुछ दिन पहले गैस की प्रॉब्लम थी। पेट्रोल-डीजल को लेकर फिलहाल कोई समस्या नहीं है। लोग सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके पैनिक क्रिएट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंपों पर लाइन लगने वाली कोई बात नहीं है। पंपों पर पेट्रोल व डीजल पर्याप्त मात्रा में है। लोग पुरानी वीडियो डालकर पैनिक हो रहे हैं। तेल की कोई कमी नहीं है। स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।
