मोहालीः एयरपोर्ट रोड पर रात के समय लुटेरों का एक गिरोह लोगों के हत्थे चढ़ गया। लुटेरा गिरोह तलवार की नोक पर एक व्यक्ति को लूटकर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी उन्हें लूट करता देख एक सिख युवक अपनी मोटरसाइकिल से उनका पीछा करने लगा और शोर मचाने लगा।
इसी बीच कुछ अन्य कारों और मोटरसाइकिलों ने भी उनका पीछा करना शुरू कर दिया। जब वे जीरकपुर की लाइटों पर पहुंचे तो उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर एक वाहन से टकरा गई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन चला रहा व्यक्ति भी घायल हो गया। फिर लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को बुलाया गया। फिलहाल ये तीनों लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस का कहना है कि जिस व्यक्ति से उन्होंने लूट की है, उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं और फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह भी पता चला है कि ये लुटेरे फतेहगढ़ साहिब के आस-पास के गांवों के रहने वाले हैं और इन पर पहले भी लूटपाट के मामले दर्ज हैं।