17 World Record और 7 National Record दर्ज, कनाडा सरकार ने मिला था PR
अमृतसरः जिले के रहने वाले प्रसिद्ध पेपर आर्टिस्ट गुरप्रीत सिंह ने आज 5 खास धार्मिक स्थलों के मॉडल बनाकर इतिहास में एक नई मिसाल कायम की है। ये मॉडल जल्द ही फिलिपीन्स के उर्दतिता सिटी में स्थापित होने वाले गुर शब्द प्रकाश गुरुद्वारे के सिख अजायब घर में सजाए जाएंगे। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि तैयार किए गए मॉडलों में श्री दरबार साहिब अमृतसर, श्री ननकाना साहिब, श्री केसगढ़ साहिब, श्री दमदमा साहिब और छोटे साहिबज़ादियों के शहीदी स्थान के चरित्र को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यह पहली बार हो रहा है कि अमृतसर से बने ऐतिहासिक मॉडल विदेश भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह पहल युवाओं को सिख इतिहास से जोड़ने के लिए है। क्योंकि विदेशों में बसे कई नवयुवक धीरे-धीरे अपनी विरासत से दूर होते जा रहे हैं। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि ये सभी मॉडल सॉलिड वुड फाइबर और ऑटोबेट सामग्री से बनाए गए हैं, जो न केवल मजबूत हैं बल्कि लाइव टाइम बेस्ड डिजाइन पर बने हैं।
उन्होंने कहा कि ये मॉडल अजयब घरों के साथ-साथ नगर कीर्तन और अन्य धार्मिक आयोजनों में भी सजाए जा सकते हैं। गुरप्रीत सिंह ने गर्व से बताया कि उनके नाम पर 17 वर्ल्ड रिकॉर्ड और 7 नेशनल रिकॉर्ड दर्ज हैं। इसी कला के आधार पर कनाडा सरकार ने उन्हें डायरेक्ट पीआर दिया था। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि दस पातशाहियों के जन्मस्थलों के मॉडल, 5 तख्त साहिबों और पाकिस्तान के कई गुरुद्वारों के मॉडल भी उन्होंने ही बनाए हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी मुख्य इच्छा सिख इतिहास को दुनिया भर में पहुंचाना है ताकि हर पीढ़ी इससे जुड़ सके। उन्होंने अपील की कि देश के गुरुद्वारे भी इस तरह के मॉडल बनवाकर अपने नगर कीर्तन में रखें ताकि नई पीढ़ी सिख इतिहास के बारे में जान सके। गुरप्रीत सिंह ने गुरु साहिबों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि उन्हें इस तरह की सेवा का अवसर मिला है।
