संगरूरः दिड़बा के अंदर ओवरब्रिज के अंत के पास पातरां रोड पर कार और पिकअप में भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 3 व्यक्ति एयरपोर्ट दिल्ली से महिलां चौक जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी तरसेम लाल शर्मा ने बताया कि दिड़बा के पातरा रोड पर पीछे से तेज़ी से आ रही पिकअप ने एक कार को जोरदार टक्कर मारी।
इससे कार में सवार तीन लोगों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय मेजर सिंह पुत्र भगविंदर (भूपिंदर) सिंह निवासी वीर कलां के रूप में हुई है। घटना के दौरान मृतक के साथ बैठा एक ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति बच गए। मेजर सिंह दिल्ली एयरपोर्ट से किसी रिश्तेदार को छोड़कर वापस अपने गांव वीर कलां जा रहा था। इस दौरान रास्ते में भीषण सड़क हादसा हो गया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप ड्राइवर शक्ति सिंह निवासी सूरतगढ़, राजस्थान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर शक्ति सिंह मौके से फरार है और उसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।