अमृतसर। जिले के अजनला के कुहाली नहर के पास कूड़े में नवजात शिशु का शव मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि स्थानीय निवासियों ने जब कूड़े में शिशु का शव देखा, तो मौके पर हड़कंप मच गया। जिसके तुरंत बाद मामले संबंधी पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मामले के बारे लोगों से पूछताछ में जुट गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले लिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अज्ञात व्यक्तियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से इस मामले को मानवता के विरुद्ध अपराध मानते हुए कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे।
स्थानीय निवासियों ने घटना को लेकर जताया दुख
इस दौरान स्थानीय निवासियों ने इस घटना को बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इस तरह के कृत्य मानवता पर सवाल उठाते हैं। एक व्यक्ति ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, “यह देखकर मुझे बहुत दुख होता है कि कोई अपने नवजात शिशु को झाड़ियों में फेंककर चला गया। हम प्रशासन से अनुरोध करते हैं कि जिम्मेदार लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और कड़ी कार्रवाई की जाए।”