लुधियाना। जिले के न्यू सुभाष नगर इलाके में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर पड़ोसियों ने 23 वर्षीय युवक लक्ष्य पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। युवक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज CMC अस्पताल में चल रहा है।
क्या है पूरा मामला
पीड़ित लक्ष्य की मां पूजा रानी ने बताया कि पूरा विवाद उनके बेटे को विदेश भेजने की योजना से शुरू हुआ। जब पड़ोसियों को पता चला कि लक्ष्य विदेश जाने वाला है, तो उन्होंने अपनी बेटी की शादी उससे कराने की जिद शुरू कर दी।
पूजा रानी के अनुसार, पिछले 5–6 दिनों से पड़ोसी लगातार उन पर शादी के लिए दबाव बना रहे थे। परिवार ने उन्हें समझाया कि दोनों परिवारों की जाति और परंपराएं अलग हैं, इसलिए यह रिश्ता संभव नहीं है। लेकिन पड़ोसी इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं हुए और विवाद बढ़ता गया।
CCTV फुटेज आया सामने
इलाके में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में देखा गया कि लक्ष्य गली में अपने दोस्तों के साथ सामान्य बातचीत कर रहा था। तभी एक बाइक पर दो युवक वहां पहुंचे।
बाइक के पीछे बैठे युवक ने उतरते ही बिना किसी बातचीत के लक्ष्य पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमला होते ही लक्ष्य खुद को बचाने की कोशिश में जमीन पर गिर गया, लेकिन हमलावर लगातार उस पर वार करते रहे।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने धार्मिक और जातिगत कारणों से शादी से इनकार किया था, लेकिन पड़ोसियों ने इसे अपनी बेइज्जती समझ लिया। परिवार का आरोप है कि अपनी बेटी को विदेश में बसाने के मकसद से पड़ोसियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हमले को अंजाम दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर विवाद की पुष्टि हुई है। CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान कर ली गई है।
