अमृतसरः पंजाब सरकार और पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। वहीं अब लोग भी नशे को लेकर जागरूक हो रहे है और प्रशासन का साथ दे रहे है। ऐसे में ताजा मामला अजनाला के गांव मेहमे से सामने आया है, जहां लोगों ने एक महिला को नशा बेचने के मामले में काबू किया है। गांव के लोगों का आरोप है कि महिला इलाके में लोगों को चिट्टा बेच रही थी और आसपास के गांवों के लोग उसके पास नशा लेने के लिए आ रहे थे। जिसके बाद गांव के नंबरदार ने महिला को लोगों के साथ मिलकर काबू किया।
इस दौरान महिला के हाथों से नशा और पैसे भी रिकवर किए। जिसके बाद गांव वासियों ने इसकी वीडियो बनाई। यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में महिला रो-रोकर खुद को छोड़ने की भीख मांगती नजर आई और खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश करती रही। लेकिन गांववालों ने उसकी एक न सुनी। महिला पकड़े जाने के बाद बार-बार यही कहती रही कि वह नशा बेच नहीं रही थी, वे खुद नशे की आदी है और लेने के लिए आयी थी।
घटना के दौरान गांव के नंबरदार ने मौके पर ही स्थानीय विधायक को फोन कर सारी स्थिति से अवगत करवाया। गांववासियों का कहना है कि उनके इलाके में लगातार नशा फैल रहा है और इस महिला की गतिविधियों पर पहले से शक था। ग्रामीणों ने महिला को पकड़कर कुछ समय तक वहीं रोके रखा। तकरीबन एक घंटे के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने पहुंच महिला को हिरासत में ले लिया। लोगों की मांग है कि इस महिला से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क को बेनकाब किया जाए, ताकि गांव और आसपास के इलाके को नशे से मुक्त किया जा सके।