पटियालाः सनौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पिछले 6 महीने से फरार चल रहे थे, लेकिन आखिरकार उन्हें मध्य प्रदेश के ग्वालियर के पास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी की पुष्टि पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने की है। पठानमाजरा पर बलात्कार, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी जैसे गंभीर आरोप हैं। यह गिरफ्तारी पिछले 48 घंटों में राज्य में गिरफ्तार होने वाले दूसरे मौजूदा विधायक की है। इससे पहले सोमवार को पूर्व परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

फरारी के दौरान पठानमाजरा ने इंटरनेट मीडिया पर लगातार वीडियो पोस्ट किए ताकि ऐसा लगे कि वे विदेश में हैं। हालांकि, पुलिस की तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं ने उनकी लोकेशन मध्य प्रदेश में ट्रेस कर ली। एसएसपी वरुण शर्मा के अनुसार, पटियाला पुलिस की विशेष टीम ने पीछा करते हुए ग्वालियर इलाके से उन्हें काबू किया। अब उन्हें पटियाला लाया जा रहा है, जहाँ उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ की जाएगी।
पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया है कि आरोपी को काफी समय से अरेस्ट करने की कोशिश जारी थी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिसे से इन्हें और इनके 3 साथियों को काबू किया है। दो दिन के लंबे ऑपरेशन के बाद कामयाबी मिली है। SSP ने बताया- इन्हें हम पटियाला ले आए है। अब कानून के मुताबिक अगली कार्रवाई की जाएगी। आज इन्हें अदालत में पेश करेंगे। स्कॉर्पियो कार में 3 साथियों के साथ वह सफर कर रहे थे। हमारी 5 से 6 टीमें इन्हें काबू करने में जुटी थीं। बता दें कि 1 सितंबर 2025 को पंजाब के पटियाला के सिविल लाइंस थाने में IPC की धारा 376 (बलात्कार), 420 (धोखाधड़ी) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत पठानमाजरा के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी।
एक महिला ने आरोप लगाया था कि 2013-2014 से लेकर 2024 तक (विशेष रूप से 12 फरवरी 2014 से 12 जून 2024 तक) पठानमाजरा ने शादी का झांसा देकर, खुद को तलाकशुदा बताकर संबंध बनाए और रेप किया। उसने बताया कि 2021 में लुधियाना के एक गुरुद्वारे में उनकी शादी भी हुई थी, लेकिन पठानमाजरा पहले से शादीशुदा थे। इसके बाद 2 सितंबर को हरियाणा के करनाल में पठानमाजरा को गिरफ्तार किया गया, लेकिन पुलिस हिरासत से फायरिंग और पथराव की आड़ में वह फरार हो गए थे। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हुआ था। इसके बाद यह मामला अदालत पहुंचा था। अदालत में उन्होंने अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, लेकिन कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया। फिर दिसंबर 2025 में पटियाला कोर्ट ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया। इसके बाद खबर आई कि वह ऑस्ट्रेलिया भाग गए हैं और वहां से इंटरव्यू भी दिए। तब कोर्ट ने लुकआउट नोटिस जारी किया।
