लुधियानाः जिले में धड़ल्ले से अवैध लॉटरी की दुकानें चल रही हैं। इसी बीच विधायक पराशर ने पुलिस टीम के साथ अवैध लॉटरी की दुकान पर रेड की। जिसके बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। रेड के दौरान विधायक पराशर ने SHO पर नाराजगी जताई। उन्होंने सख्त लहजे में पूछा कि उनके इलाके में खुलेआम सट्टा कैसे चल रहा है। विधायक ने कहा कि ये लोग गरीबों को लॉटरी और सट्टे के नाम पर लूट रहे हैं, जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
SHO की गैरमौजूदगी में बढ़ा सट्टा कारोबार
जानकारी के मुताबिक, संबंधित SHO पिछले कुछ दिनों से छुट्टी पर थे। इसी दौरान इलाके में दड्डा सट्टा के कई अड्डे सक्रिय हो गए और धड़ल्ले से काम करने लगे। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से मोबाइल फोन, नकदी और सट्टे की पर्चियां बरामद कीं। इसके साथ ही 3 से 4 लोगों को हिरासत में लिया गया और उनसे पूछताछ शुरू की गई।
‘काका बानिया’ का नाम आया सामने
पूछताछ के दौरान दुकान पर मौजूद एक करिंदे ने बताया कि यह सट्टा अड्डा “काका बानिया” नाम के व्यक्ति का है। उसने यह भी बताया कि उसे रोज करीब 700 रुपए मजदूरी दी जाती है। करिंदे ने यह भी दावा किया कि उनसे पैसे लेने के लिए कोई पुलिसकर्मी नहीं आता। इस बयान के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।
विधायक का आया सख्त बयान
विधायक पराशर ने कहा कि हलका सेंट्रल में गरीबों को ठगने का यह खेल अब नहीं चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सट्टा चलाने वाले लोग खुद ही नंबर लिखकर लोगों को धोखा देते हैं।
राजनीतिक कनेक्शन की होगी जांच
विधायक ने यह भी कहा कि पहले की एक रेड में भाजपा नेताओं का नाम सामने आया था। अब पकड़े गए लोगों की भी जांच की जाएगी कि उनका संबंध किस राजनीतिक पार्टी से है।
पुलिस का आश्वासन
SHO नरदेव सिंह ने कहा कि सट्टेबाजी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।