सुसाइड नोट मिलने पर ड्राइवर और उसकी पत्नी पर FIR दर्ज
संगरूर: लहरागागा के निकट गांव जलूर के निवासी निर्मल सिंह 10-11 वर्षों से पीआरटीसी में आउटसोर्सिंग पर कंडक्टर की ड्यूटी करता था और कई दिनों से वह लापता था। जिसकी लाश भाखड़ा नहर से बरामद हुई है। मृतक की पत्नी रुपिंदर कौर ने बताया कि 16 मई की शाम निर्मल बिना बताए घर से निकल गया था।
निर्मल के वापिस न आने पर परिवार के सदस्यों ने खोजबीन शुरू कर दी। 17 मई को उसके बैग से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था कि पीआरटीसी में काम करने वाला उसका ड्राइवर साथी पिछले दिनों से परेशान कर रहा था। ड्राइवर और उसकी पत्नी ने भरी बस में उसे बुरा-भला कहा है। निर्मल ने ड्राइवर से पैसे भी लेने थे।
मृतक की पत्नी ने बताया कि सुसाइड नोट में लिखा था कि मैं पीआरटीसी के ड्राइवर भगवान सिंह गांव छाजला और उसकी पत्नी से तंग आकर खुदकुशी कर रहा हूं। परिवार के सदस्यों ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
लहरागागा के थाना मुखी रणवीर सिंह ने बताया कि गांव जलूर के निर्मल सिंह, जो पीआरटीसी में काम करते थे, कई दिनों से लापता थे। परिवार को लापता होने के बाद एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें लिखा था कि मैं पीआरटीसी के ड्राइवर भगवान सिंह, गांव छाजला, और उसकी पत्नी से तंग आकर नहर में छलांग लगा रहा हूं। कल शाम उसकी लाश नहर से मिली है। पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे की तलाश जारी है। लाश का पोस्टमार्टम कर वारिसों को सौंप दिया गया है।