अमृतसरः पंजाब में गोलियां चलने की घटना थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं अजनाला में उस समय सनसनी फैल गई जब देर रात एक मेडिकल स्टोर मालिक का 2 नकाबपोश व्यक्तियों ने खुलेआम गोलियां चलाकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान तरुणजीत सिंह के रूप में हुई है। मृतक तरुणजीत सिंह अपने घर वापस जा रहा था, उसी वक्त राह में बदमाशों ने फायरिंग कर हत्या कर दी।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और गोलियों के खोल बरामद किए। मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक तरुणजीत सिंह के भाई करमजीत सिंह ने बताया कि देर रात उनका भाई अपने मेडिकल स्टोर से घर जा रहा था, तभी रास्ते में दो नकाबपोशों ने फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल भी बरामद किए हैं। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द इस मामले के असली दोषियों को गिरफ्तार किया जाए और हमें इंसाफ मिले।
उन्होंने बताया कि लगभग एक साल पहले फोन पर धमकियां भी मिली थीं, जिसके संबंध में भी पुलिस को शिकायत दी गई थी। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी हरचंद सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घटना स्थल से करीब पांच गोलियों के खोल भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही असली दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।