अमृतसरः पहाड़ों पर हो रही बारिश ने मैदानी इलाकों में भी अपनी तबाही मचा रखी है। अजनाला हलके के कई गांव इस समय बाढ़ की चपेट में है। गांव फूल्ले चेक, कोटली कोरोटाना, वंझावल, नंगल और कमीरपुरा में नदियों का पानी घुसने से लोगों की जिंदगी उजड़ती हुई नजर आ रही है। पानी ने न केवल घरों में घुसकर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल बना दी है, बल्कि खेतों में खड़ी फसलें भी पूरी तरह से तबाह हो चुकी हैं।
गांववासियों का कहना है कि यह बाढ़ उन्हें 5 साल पीछे धकेल देगी, क्योंकि मेहनत से खेतों में उगाई फसल डूब चुकी है। किसानों के पास खाने के लिए कुछ भी नहीं बचा। गांव वासियों ने सरकार और प्रशासन से तुरंत मदद की अपील की है।