रूपनगर: पंजाब के रूपनगर आज कीरतपुर साहिब-मनाली हाईवे पर देहणी गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां उतराई में एक प्राइवेट बस की ब्रेक फेल हो गई और बस अनियंत्रित खड़े ट्रक से टकराई गई। वहीं हादसे में सड़क किनारे पैदल जा रहे व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि पैदल जा रहे व्यक्ति की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे जा रहे व्यक्ति को कुचल दिया।
इसके बाद बस आगे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस चालक की दोनों टांगें टूट गईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार जिस बस से हादसा हुआ वह पिछले करीब दो दिनों से मोड़ा के पास खराब हालत में खड़ी थी। बताया जा रहा है कि बस की ब्रेक में खराबी थी।
हादसे के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि बस में यात्री होते तो जानमाल का नुकसान और अधिक हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे के इस हिस्से में उतराई होने के कारण वाहनों को काफी सावधानी से चलाने की जरूरत होती है। ब्रेक फेल होने के कारण बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया। मामले में कीरतपुर साहिब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही बस की तकनीकी स्थिति और ब्रेक फेल होने के कारणों की भी पड़ताल की जाएगी। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।