अमृतसरः लंगर हाल में उस समय बड़ा हादसा हो गया जहां, सेवा के दौरान लैंटर की प्लेटे गिर गई और हादसे में श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि कुछ महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए श्री गुरु रामदास अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार, अमृतसर के गुरुद्वारा शहीदा साहिब के संत बाबा भूरी वाले द्वारा लंगर हॉल में लैंटर डालने के लिए लोहे की शटरिंग की गई थी। जिस समय यह हादसा हुआ कई श्रद्धालु लंगर की सेवा कर रहे थे। तभी अचानक लैंटर की शटरिंग के लिए प्रयोग होने वाली प्लेटे भरभराकर गिर गई और उसकी चपेट में आने से 2 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं घटना में करीब 7 महिलाएं घायल हो गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत घायलों को श्री गुरु रामदास अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और घायलों का भी हाल जाना। इस दौरान पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्होंने अस्पताल में उमड़े कई लोगों को वहां से बाहर निकाला, ताकि घायलों का इलाज सही ढंग से हो सके। इसी के साथ हादसे के कारणों की भी जांच शुरू कर दी है।
