लुधियानाः नेशनल हाईवे (एनएच-44) पर डिवाइडर से कैंटर टकरा गया। देर रात हुए हादसे में कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के दौरान कैंटर चालक की मदद के लिए कुछ लोग रूके और इंसानियत शर्मसार कर दी। दरअसल, मदद के लिए आए 2 युवक कैंटर ड्राइवर को सड़क से गली में ले गए। जिसके बाद उक्त युवक पीड़ित का मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो गए।
ड्राइवर उनका पीछा करने की कोशिश करता रहा लेकिन वो दोनों फरार हो गए। लोगों को लगा कि कैंटर ड्राइवर एक्सीडेंट के बाद डर के मारे मौके से फरार हो गया। वहीं दूसरी तरफ मौके पर रूके अन्य लोगों ने पीसीआर को सूचना दी। पीसीआर मौके पर पहुंची। घटना नेशनल हाईवे पर टिब्बा रोड के पास हुई।
ड्राइवर वरिंदर कुमार कुछ देर बाद जब घटना स्थल पर पहुंचा तो उसने बताया कि सामने से एक मोटर साइकिल आ गई थी जिसे बचाने के चक्कर में एक्सीडेंट हो गया। उसने बताया कि एक्सीडेंट के बाद 2 युवक मदद के लिए आए और उसे गली में ले गए। वहां पर दोनों ने मिलकर उसका मोबाइल व नकदी लूट ली।