लुधियानाः खन्ना में इंसानियत शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां मलेरकोटला रोड पर एक व्यक्ति ने मरे हुए कुत्ते के शव को सम्मानपूर्वक हटाने की बजाय उसे अपनी कार के पीछे बांधकर सड़क पर 3 किमी तक घसीट लिया। राहगीरों ने घटना की वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी, जो तेजी से वायरल हो गई। वीडियो में कुत्ते को रस्सी से कार के साथ बांधकर लगभग 3 किलोमीटर दूर गांव रसूलडा तक ले जाया गया।
इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने भी विरोध किया और कार को रोकने की कोशिश की। मामले की जानकारी मिलते ही नवजीवन वेलफेयर सोसाइटी के प्रमुख नवनीत शर्मा ने पुलिस से शिकायत की। थाना सिटी-2 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुत्ते का शव झाड़ियों से बरामद किया और जांच शुरू कर दी। चूंकि मामला थाना सदर क्षेत्र से संबंधित था, इसलिए यह मामला वहां भेज दिया गया है। वहीं पुलिस ने एक्शन लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार आरोपी व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और उसने अपनी गलती भी स्वीकार कर ली है।