SHO ने थाने मे अवैध रूप से किया था तैनात
लुधियाना: जिले के माछीवाड़ा थाने में तैनात एसएचओ के सहयोगी सेवानिवृत्त कांस्टेबल को विजिलेंस विभाग ने रंगे हाथो गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि उक्त आरोपी पुलिस विभाग से बिना किसी आधिकारिक आदेश या मंजूरी के पुलिस थाने में ड्यूटी कर रहा था। आरोपी की पहचान बलविंदर सिंह के रूप मे हुई है।
इस मामले मे जानकारी देते हुए एसएसपी रविंदरपाल सिंह संधू ने बताया कि माछीवाड़ा सब-डिवीजन के गांव मोहन माजरा निवासी सुखवीर सिंह की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को बताया कि उसकी कार माछीवाड़ा पुलिस द्वारा जब्त कर ली गई थी । आरोपी बलविंदर सिंह ने उसे कहा कि कार मुख्य मुंशी करण के कब्जे में है। कार को छुड़ाने के लिए आरोपी ने 25,000 रुपये मांगे थे। जो पहले 15,000 और बाद मे 10000 देने तय हो गए । जिसकी रिकॉर्डिंग शिकायतकर्ता ने ब्यूरो रेंज कार्यालय में जमा करवा दी।
लुधियाना रेंज की टीम ने जाल बिछा उक्त आरोपी को माछीवाड़ा के बाहर दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया। विजिलेंस को जांच के दौरान पता चला कि उक्त आरोपी बलविंदर सिंह पीएपी से पहले ही सेवानिवृत्त हो चुका है। जिसे एसएचओ ने बिना किसी विभागीय आदेश के अवैध रूप से थाने में तैनात किया था। उल्लेखनीय है कि इस मामले में संबंधित एसएचओ की भूमिका पर भी जांच की जा रही है।
