अमृतसरः सच्चखंड श्री हरमंदिर साहिब से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एक्शन में आ गई। एसजीपीसी कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शरारती तत्वों द्वारा फैलाई जा रही इस वीडियो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सचिव ने कहा कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 जनवरी को साइबर क्राइम विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि इस वीडियो बनाने और वायरल करने वाले व्यक्ति की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी नौजवान सिख संस्थान या धार्मिक आस्था को ठेस ना पहुंचा सके। मीडिया से बातचीत दौरान उन्होंने संगतों को सतर्क किया कि जब भी श्री दरबार साहिब या किसी भी धार्मिक मर्यादा के बारे में ऐसी कोई संदेहास्पद वीडियो सामने आए, तो उस पर आंखें बंद करके विश्वास न किया जाए। उन्होंने कहा, “संगतों से गुजारिश है कि ऐसी वीडियो को आगे शेयर न करें।
शेयर करने से अफ़वाहें फैलती हैं और संगत में गलत संदेश जाता है, जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है।” एसजीपीसी सचिव ने कहा कि किसी भी सूचना या संदेश की सच्चाई जानने के लिए संगतों को सीधे श्रोमणि कमेटी के मुख्य कार्यालय (हेड ऑफिस) से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था धर्मिक आस्था के खिलाफ खेलने वाले किसी भी तत्व को नहीं छोड़ेगी, उसके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।