परिवार की चेतावनी, नहीं तो सड़क जाम करके करेंगे प्रदर्शन
चंडीगढ़ः सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चरणप्रीत नागरा उर्फ चीनी का बीते दिन बाइक सवारों ने गोलियां मारकर कत्ल कर दिया था। परिवार ने चरणप्रीत का पोस्टमॉर्टम करवाने से इंकार कर दिया। परिजन सेक्टर 3 के पुलिस स्टेशन में मौजूद है। परिवार की मांग है कि जब तक आरोपी पकड़े नहीं जाते, तब तक वह पोस्टमॉर्टम नहीं करवाएंगे। परिवार ने कहा कि तब तक शव को पीजीआई की मॉर्च्युरी में रखा गया है। गांव के सरपंच हरविंद्र सिंह ने बताया कि चरणप्रीत अपने दो दोस्तों के साथ जिम जाता था। घटना वाले दिन एक्सरसाइज के बाद उसने दोस्तों से कहा कि उसे कुछ काम है, इसलिए वह पहले जा रहा है।
साथ ही उसने दोनों को दूसरी गाड़ी से आने को कहा। सरपंच ने कहा कि वह जानना चाहते है कि कौन शूटर है और किसने भेजे है। 4 साल पहले कबड्डी कप करवाने को लेकर विवाद जरूर हुआ था, लेकिन उसे हल कर लिया गया था। वह 10 से 12 साल से इकट्ठे रह रहे है, लेकिन दुश्मनी को लेकर कोई बात नहीं थी। वहीं जारी ऑडियो को बेबुनियाद बताया। वह हमेशा गरीबों का साथ देता था और कुछ समय पहले 2 युवतियों की शादी करवाई थी। उन्होंने कहा कि अगर इंसाफ नहीं मिला तो सड़क जाम करके धरना लगाया जाएगा। चरणप्रीत के दोस्तों ने बताया कि लक्की पटियाला भी अपने एरिया का ही युवा है।
चरणप्रीत का किसी से लेना देना नहीं था। दो से तीन दिनों से उसकी हत्या की प्लानिंग चल रही थी। जहां-जहां उसकी गाड़ी जाती थी, वहां पर आरोपी जा रहे थे। ऑफिस में भी रैकी की गई थी। चरणप्रीत के चाचा के बेटे मेजर ने बताया कि उन्हें दो महिलाओं पर शक है, जो उनके गांव की नहीं हैं। मेजर ने बताया कि उसने एक महिला से बात की तो उसने दूसरी महिला का नाम बताया। महिला ने यह भी कहा कि फायरिंग के समय आरोपियों की एक गाड़ी भी वहां मौजूद थी, जिसमें करीब 8 लोग सवार थे। इन महिलाओं के नाम पुलिस को दिए जाएंगे। मेजर ने बताया कि आरोपियों को चमनप्रीत की जिम आने-जाने की पूरी जानकारी थी। इससे अंदेशा है कि जिम के आसपास का ही कोई व्यक्ति उसकी रेकी कर रहा था। इसमें इन महिलाओं की भी भूमिका हो सकती है।
