लुधियाना : गुरु नानक रोड पर स्थित प्रदीप ज्वैलर में शनिवार देर शाम को एक छोटा गैस सिलेंडर फट गया। जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि अचानक छोटा सिलेंडर फट गया जिसके कारण यह हादसा हो गया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद मौके पर मौदूद लोगों से पूछताछ कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
गनीमत यह रही कि जब यह हादसा हुआ तो दुकान के अंदर कोई ग्राहक या कोई अन्य व्यक्ति नहीं था। वहीं उनका बेटा भी तुरंत दुकान से बाहर आ गया और वह भी पूरी तरह बच गया। लेकिन सिलेंडर फटने के बाद हुए धमाके से इस ज्वैलर्स की दुकान की सभी फिटिंग और शीशे क्षतिग्रस्त हो गए जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
घटना बारे मिली जानकारी के अनुसार, ज्वेलर दुकान के मालिक का बेटा गुरसेवक सिंह शाम करीब साढ़े छह बजे अपनी दुकान के अंदर बैठकर कुछ आभूषणों की मरम्मत कर रहा था। इन गहनों को सिलने के लिए जैसे ही उसने गैस सिलेंडर चलाया, अचानक सिलेंडर फट गया। गुरसेवक सिंह भाग्यशाली था कि वह तेजी से दुकान से बाहर भाग गया और किसी भी चोट से बच गया।
दुकान मालिक प्रदीप सिंह ने बताया कि उनका बेटा गुरसेवक सिंह रोजाना की तरह दुकान पर बैठकर आभूषण बना रहा था। अचानक छोटा सिलेंडर फट गया जिसके कारण यह हादसा हुआ। गनीमत यह रही कि जब यह हादसा हुआ तो दुकान के अंदर कोई ग्राहक या कोई अन्य व्यक्ति नहीं था। वहीं उनका बेटा भी तुरंत दुकान से बाहर आ गया और वह भी पूरी तरह बच गया। मौके पर मौजूद आसपास के दुकानदारों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि उनकी दुकानों की खिड़कियां हिल गईं।
