लुधियानाः दुगरी इलाके में स्थित सीआरपी कॉलोनी में आज अलसुबह बिजली विभाग और पुलिस की टीम ने सांझे आपरेशन के साथ मिलकर घरों में बिजली चोरी के मामले में दबिश दी। इस दौरान इलाका निवासियों में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार विभाग को पिछले काफी समय से बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थी कि इलाके में कई घरों में कुंडी डालकर बिजली चोरी की जा रही है, लेकिन बिजली विभाग कर्मचारी यहां कार्रवाई नहीं कर पा रहे थे। क्योंकि लोग उन्हें इलाके में कार्रवाई नहीं करने देते थे।
जिसके चलते आज बिजली विभाग ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर लोगों के घरों में दबिश दी। जिन लोगों के घरों के बाहर बिजली की कुंडी डाली गई थी, उनकी विभाग द्वारा वीडियोग्राफी कराई गई। विभाग के कर्मियों ने बताया कि उक्त लोगों के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस दौरान कितने घरों में कार्रवाई की गई है और क्या कार्रवाई की गई इसके बारे में अधिकारियों ने ज्यादा जानकारी नहीं दी। अधिकारी रूटीन चैकिंग का कहकर मीडिया से दूरी बनाए रखी।