अमृतसरः जिले के अजनाला विधानसभा क्षेत्र के नवां गांव के डॉक्टर को एक गैंगस्टर द्वारा फोन पर धमकी देने और फिरौती की मांग करने का मामला सामने आया है। धमकी भरी इस फोन कॉल के बाद से डॉ. राजबीर व उनके घर में सहम का माहौल बन गया है। इसकी जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल तुरंत डॉ. राजबीर से मिलने मौके पर पहुंचे।
उन्होंने एसएसपी ग्रामीण को फोन कर मामले को जल्द से जल्द सुलझाने और डॉक्टर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसपी को डॉ. राजबीर और उनके परिवार को जल्द से जल्द और अधिक सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश भी दिए। मंत्री कुलदीप धालीवाल ने डॉक्टर को आश्वासन दिया कि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि गत दिवस एक गैंगस्टर ने डॉक्टर को फोन पर धमकी देकर फिरौती की मांग की थी, जिस पर पुलिस ने मामला भी दर्ज किया था और आज उन्होंने एसएसपी को मौके पर बुलाकर बैठक की और निर्देश दिए कि इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाया जाए। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को अधिक सुरक्षा दी जानी चाहिए तथा पंजाब से गुंडागर्दी को खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सब पिछली सरकारों की देन है। मौजूदा सरकार राज्य से गुंडागर्दी को खत्म करने के लिए कई प्रयास कर रही है। राज्य से जल्द ही शरारती तत्वों को खत्म किया जाएगा।
