अमृतसरः हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सचखंड श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे। जहां उन्होंने माथा टेका, कीर्तन में शामिल हुए और सभी के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने दरबार साहिब को आस्था का सागर बताते कहा कि यहां आकर उनके मन को आध्यात्मिक शांति मिली है।
उन्होंने पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच चल रहे कुछ विवादों पर भी अपनी चुप्पी तोड़ी। टैक्सी चालकों के मुद्दे या पंजाब से हिमाचल जा रहे युवाओं को रोकने या झंडों का अपमान करने जैसी घटनाओं पर उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच गहरे सांस्कृतिक, धार्मिक और भाईचारे के रिश्ते हैं। ऐसे छोटे-मोटे मुद्दे कभी-कभी सामने आते हैं, लेकिन वे कभी भी रिश्ते को कमजोर नहीं कर सकते। सरकार हमेशा सुनिश्चित करती है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वे लुधियाना से चुनाव प्रचार के लिए आ रहे हैं, लेकिन यह सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में आकर किसी भी तरह की राजनीति करने की जगह नहीं है। वे केवल धार्मिक श्रद्धा के कारण यहां आए हैं।