अमृतसरः एसजीपीसी की जनरल सभा के दौरान हुए प्रधानगी चुनाव में हरजिंदर सिंह धामी ने बड़ी जीत हासिल की। इसी के साथ वह 5वीं बार SGPC के प्रधान के रूप में चुने गए। चुनाव में कुल 136 सदस्यों ने वोट डाले, जिनमें से धामी साहिब को 117 वोट मिले जबकि विरोधी तरफ़ से खड़े उम्मीदवार सरदार मिट्ठू सिंह कहनके को केवल 18 वोट ही मिल सके। वहीं एक वोट रद्द हो गया।
चुनाव परिणाम के बाद अकाली नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि यह जीत धामी साहिब की अच्छी कार्यगुज़ारी का नतीजा है। उन्होंने कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार विरोधी धड़े के वोट कम रहे हैं, जो साफ़ दिखाते हैं कि सदस्यों का भरोसा धामी जी पर और मज़बूत हुआ है।
चीमा ने आशा जताई कि आने वाले समय में सर्वसम्मति से चुनाव हों और सभी मिलकर सिख पंथ की सेवा करेंगे। इस मौके पर उन्होंने यह भी बताया कि SGPC की ओर से गुरु तेग बाहादुर साहिब जी के 350 साल के प्रकाश पर्व का समारोह बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। धामी की अगुवाई में SGPC की तरफ़ से धार्मिक और सिख-शैक्षिक मोर्चों पर और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।