मोहालीः आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के करीबी हरप्रीत सिंह गुलाटी के मामले में विजिलेंस ने जिला सत्र न्यायाधीश हरदीप सिंह की अदालत में अर्जी दाखिल कर गुलाटी की पुलिस रिमांड की मांग की है। अदालत ने इस अर्जी पर हरप्रीत सिंह गुलाटी के वकीलों को अपना पक्ष रखने के लिए 5 जनवरी की तारीख निर्धारित की गई थी। आज दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कल 6 जनवरी सुनवाई की तारीख निर्धारित की गई है।
विजिलेंस ने हरप्रीत सिंह गुलाटी को उनके सेक्टर 106 स्थित घर से गिरफ्तार किया था। हरप्रीत सिंह गुलाटी पर आरोप हैं कि उनकी कंपनियों से मजीठिया की कंपनियों में पैसे ट्रांसफर किए गए, जो कभी वापस नहीं लौटाए गए और न ही हरप्रीत गुलाटी द्वारा किसी तरह का मामला दर्ज कर ट्रांसफर किए गए पैसे वापस मांगे गए। विजिलेंस के अनुसार गुलाटी बिक्रम मजीठिया के काले धन को सफेद करने का काम करते थे।
हरप्रीत गुलाटी पहले पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त का काम करते थे, लेकिन 2008-09 में अकाली सरकार के दौरान उन्होंने कई कंपनियां बनाईं। गुलाटी अकाली सरकार के समय शराब के कारोबार में भी अहम भूमिका निभाते थे। दूसरी ओर बिक्रम मजीठिया की वीडियो कॉफ्रेंस के जरिए पेशी हुई। जहां मजीठिया की न्यायिक हिरासत 17 जनवरी बढ़ा दी गई है।