अमृतसरः पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और पंजाब कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सौरव मैदान उर्फ मिट्ठू मैदान द्वारा नवजोत कौर सिद्धू पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस मामले को लेकर नवजोत कौर सिद्धू ने अपने समर्थक पार्षदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। सिद्धू के घर हुई बैठक में 7 से 8 पार्षदों ने भाग लिया। बैठक के दौरान पार्षदों ने सिद्धू पर भरोसा जताते हुए पूरा समर्थन प्रदान किया। वहीं कांग्रेस पार्टी छोड़ने को लेकर नवजोत कौर सिद्धू ने स्पष्ट किया कि वह कांग्रेस पार्टी का हिस्सा हैं और पार्टी में ही रहेंगी।
कांग्रेस में हुई हलचल तेज, नेताओं ने किया सिद्धू का समर्थन,पार्टी छोड़ने पर आया बयान pic.twitter.com/uH6pd7wdoZ
— Encounter India (@Encounter_India) December 10, 2025
दूसरी ओर पार्षदों ने बताया कि सिद्धू के खिलाफ लगे आरोप बेबुनियाद हैं और वे पार्टी की मजबूती के लिए काम करती रहेंगी। बैठक के बाद सिद्धू ने समर्थकों का धन्यवाद करते हुए पार्टी के प्रति अपनी वफादारी दोहराई। वहीं पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान के बीच पूर्व क्रिकेटर व कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू मुंबई से अमृतसर लौट आए हैं। पति नवजोत सिद्धू के अमृतसर में एंट्री करते ही पत्नी डॉ. नवजोत कौर ने फिर पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग को निशाने पर लिया।
उन्होंने बैक टू बैक 4 ट्वीट किए। इसमें नवजोत ने कहा कि आप 2 बार चुनाव क्यों हारे। गुजरात में टिकटें बेचने पर आपको बाहर निकाला गया। उस पैसे से महंगी गाड़ियां खरीदीं। नवजोत कौर ने लिखा- आप पर तो यह भी आरोप हैं कि आपको गुजरात से टिकट बेचने के कारण बाहर किया गया। फिर आपने उन्हीं पैसों से महंगी गाड़ियां, जमीनें और सबवे खरीदे। अब तैयार हैं IT जांच और स्पष्टीकरण देने के लिए?।
राजा वड़िंग हाल ही में एक करोड़ से ज्यादा की डिफेंडर गाड़ी खरीदने के बाद खूब सुर्खियों में रहे थे। नवजोत कौर ने लिखा- अब आप अपने कुत्तों को भौंकने के लिए छोड़ रहे हैं, जो खुद भ्रष्टाचार, सट्टेबाज़ी और चेक बाउंस के मामलों में फंसे हुए हैं, और सिविल तथा क्रिमिनल केस निपटाने के दलाल की तरह काम करते हैं??? आप दशहरा केस में उसे क्यों बचा रहे हैं, जिसमें वह जल्द ही गिरफ्तार होने वाला है। उसे सभी विधायकों के दफ्तरों से बाहर कर दिया गया था और टिकट भी मैंने ही दिया था।