तरनतारनः शहर स्थित गली डीएसपी वाली (तहसील बाजार) में देर रात मां के साथ बच्चों ने चांप और मोमोज खाए थे। बताया जा रहा हैकि सुबह मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों मासूम बच्चे बिस्तर पर मृतक पाए गए। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय बेटी दानिका और 6 वर्षीय बेटा आरव के रूप में हुई है। मृतक बच्चों का पिता विशाल टिंकू जूस का काम करता है। परिवार के अनुसार दोनों ने जिद करके पिता से रात को चाप व मोमोज मंगवाकर खाए थे। हालांकि थोड़ी मात्रा में यह खाद्य पदार्थ मां नेहा ने भी खाए थे। वहीं महिला की हालात ठीक है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना सिटी की पुलिस मौके पर पहुंची व फोरेंसिक जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। गली डीएसपी वाली में करीब 20 वर्ष से रहते विशाल कुमार उर्फ टिंकू का करीब 12 वर्ष पहले अपनी पत्नी के साथ तलाक हो गया था। जिसके बाद वह अपने बड़े बेटे निखिल को छोड़कर फिरोजपुर स्थित मायके चली गई। यह बेटा अब करीब चार वर्ष से सिंघापुर में रहता है।
करीब 11 वर्ष पूर्व टिंकू का दूसरा विवाह अमृतसर निवासी नेहा के साथ हुआ। जिनके यहां बेटी दानिका व बेटा आरब पैदा हुए। बेटी दानिका तीसरी व बेटा आरब पहली कक्षा के छात्र थे। विशाल कुमार टिंकू का इन दिनों कारोबार कुछ मध्म पड़ा हुआ है। जिसके चलते यह परिवार आर्थिक मंदहाली से गुजर रहा है। टिंकू व नेहा ने बताया कि रविवार की रात को दानिका व आरब ने चाप व मोमोज खाने की जिद की। घर से करीब 50 गज की दूरी पर सहकारी कोओपरेटिव बैंक के समीप लगी फास्ट फूड की रेहड़ी से चाप व मोमोज खरीदे गए। रात को दोनों बच्चों ने अपनी मां नेहा को भी चाप व मोमोज खिलाए। करीब साढे नौ बजे यह परिवार एक ही कमरे में सो गया।
बता दें कि बेटी के साथ नेहा जमीन पर गद्दा लगाकर सो गई। जबकि विशाल अपने बेटे आरब के साथ बैड पर सो गया। सुबह नेहा व टिंकू की नींद खुली। नेहा के मुताबिक उन्होंने अपने बच्चों को सुबह जल्दी इसलिए नहीं उठाया कि रविवार की छुट्टी है। नौ बजे विशाल ने जब बच्चों को उठाने का प्रयास किया तो दोनों के शव नीले हुए पड़े थे। अभी कुछ दिन पहले ही परिवार ने आरब का जन्मदिन मनाया था। विशाल कुमार टिंकू ने सुबह करीब सवा नौ बजे अपने अलग रहते बड़े भाई सतीश कुमार को बताया कि दोनों बच्चे अब इस दुनिया में नहीं रहे। अपनी पत्नी समेत सतीश कुमार तुरंत छोटे भाई के यहां पहुंचा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। खाद्य पदार्थ खाने से दो मासूम बच्चों की मौत होने का मामला फिलहाल पुलिस को हजम नहीं हो रहा।
ऐसे में पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई आरंभ कर दी है। अनुमान है कि सोमवार को शवों के पोस्टमार्टम के बाद पुलिस को साफ होगा कि दोनों बच्चों की मौत की वजह क्या रही। सूत्रों की मानें तो पुलिस को अपनों पर ही संदेह हो रहा है। हालांकि, इस मामले में मोहल्ले से संबंधित लोग भी कानाफूसी करने लगे हैं। थाना सिटी के प्रभारी इंस्पेक्टर नवदीप सिंह भट्टी कहते हैं कि स्वजनों के बयान दर्ज करके मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है। हालांकि, पुलिस ने फूड की रेहड़ी के चालक से भी पूछताछ की।