लुधियानाः जिले के माधोपुरी इलाके में एक मोबाइल की दुकान पर हुई लूटपाट मामले में दुकान के अंदर की CCTV सामने आई है। जिसमें देखा जा रहा है कि पहले लुटेरे ग्राहक बनकर अंदर आता है। इसके बाद दुकानदार से कुछ देर तक बातचीत करता है। इसके बाद अचानक बंदूक निकालकर डराने व धमकाने लगता है। जिसके बाद दुकानदार द्वारा विरोध करने पर लुटेरा तुरंत फायर कर देता है। जिसके बाद लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
ये था पूरा मामला
माधोपुरी इलाके की गली नंबर 18 में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक मोबाइल शॉप को अपना निशाना बनाया। लूट की इस वारदात के दौरान बदमाशों ने फायरिंग की और बीच- बचाव करने आए एक पड़ोसी पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के मुताबिक मोहम्मद अंजार आलम अपनी दुकान साहिल टेलीकॉम पर अकेले मौजूद थे।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने दुकान में दाखिल होते ही लूटपाट शुरू कर दी। जब विरोध किया गया तो लुटेरों ने गोली चला दी जो अंजार आलम के सीधे हाथ पर जा लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर पास ही स्थित मचंदा करियाना स्टोर के मालिक नीकू तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। लुटेरों ने खुद को घिरता देख नीकू पर तेजधार हथियार से सिर पर वार कर दिया जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे मौके से भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागते समय बदमाशों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए 3-4 राउंड हवाई फायर किए। गोलीबारी की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-बधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि नकाबपोश बदमाशों की पहचान की जा सके।