लुधियानाः जिले के वार्ड नंबर 17 से भाजपा पार्षद रूबी गोरियन के पति जतिंदर गोरियन पर देर रात जमालपुर चौक में हमला किया गया। जतिंदर का आरोप है कि निहंग सिंहों ने उस पर हमला किया है। पीड़ित ने आरोप लगाए है कि निहंग सिंह ने जतिंदर गोरियन को काफी समय तक गाड़ी में बंधक बनाकर कर रखा। घटना को लेकर पार्षद पति ने अर्द्धनग्न होकर थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। आरोप है कि आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन निहंग सिंह उसकी कार पर हमला करते रहे। जतिंदर गोरियन ने पुलिस हेल्प लाइन पर शिकायत दी, लेकिन पुलिस हथबंदी में उलझी रही। इसी बीच वहां से कैबिनेट मंत्री का काफिला निकल रहा था तो उनके गनमैन उतर गए। गनमैन को देखकर निहंग सिंह मौके से फरार हो गए।
जतिंदर गोरियन ने अपने समर्थकों को बुलाया और फोकल प्वाइंट थाने में गए। थाने में सुनवाई न होने पर उन्होंने समर्थकों के साथ देर रात प्रदर्शन किया। धरना देने के बाद पुलिस अधिकारी रात को थाना पहुंचे और गोरियन को कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।जतिंदर गोरियन ने कहा कि वह देर रात किसी कार्यक्रम से अपने घर लौट रहा था। जब वह जमालपुर में पीर बाबा की दरगाह के पास पहुंचा तो निहंग सिंहों ने उस पर हमला कर दिया। उसने बताया कि उन्होंने कार के अंदर ही उसे बंधक बनाकर रखा।
जतिंदर गोरियन का कहना है कि अगर वो अपनी कार से बाहर निकलता तो निहंग सिंह उसे तलवारों से काट देते। उसने बताया कि हमला करने वाले जब लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे और उसे बाहर आने को कह रहे थे तो उसने पुलिस कंट्रोल रूम के साथ अपने दोस्तों को फोन किए। जतिंदर गोरियन ने बताया कि उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर शिकायत की इसके बावजूद पुलिस नहीं पहुंची।
गनीमत रही कि वहां से कैबिनेट मंत्री का काफिला निकल रहा था और उनकी गनमैन गाड़ी से उतरकर आए। पुलिस कर्मियों को देखकर हमलावर वहां से भागे। गोरियन ने आरोप लगाया कि थाने में गए तो पुलिस ने उनकी शिकायत नहीं सुनी। जिसके बाद उन्हें धरने पर बैठना पड़ा। बाद में पुलिस के अधिकारी मौके पर आए और उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि आज पुलिस कमिश्नर को शिकायत देंगे।