लुधियाना: जामा मस्जिद जेल रोड के बाहर शाही इमाम समेत 3 लोगों पर 3 व्यक्तियों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में साफ हाथापाई देखने को मिल रही है। हमलावरों ने शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उसमान रहमानी लुधियानवी, मस्जिद कार्यालय प्रबंधक और एक अन्य व्यक्ति पर ईंटें उड़ाकर हमला किया।
शाही इमाम समेत 3 लोगों पर हुए हम-ले की CCTV फुटेज आई सामने pic.twitter.com/UcCuNk4W8v
— Encounter India (@Encounter_India) February 8, 2026
घटना के पीछे मस्जिद परिसर में बनी दुकानों को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान उबेद-उर-रहमान, उसके बेटे अतिक-उर-रहमान और मोहम्मद अहमद के रूप में की गई है।
मामले की शिकायत मस्जिद कार्यालय इंचार्ज मोहम्मद मुजाहिद ने दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि जामा मस्जिद का नवीनीकरण चल रहा है, जिसकी निगरानी खुद शाहि इमाम कर रहे हैं। 1 फरवरी को जब शाही इमाम मस्जिद पहुँचे तो आरोपियों वहां आए और गाली‑गलौज करने लगे। इसके बाद उन लोगों ने ईंट से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने और शाह नवाज़ ने बीच बचाव किया तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई की। जब घटना स्थल पर आसपास के लोग इकट्ठे हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि मस्जिद परिसर में कुछ व्यावसायिक दुकानें हैं, जिन पर आरोपी अपना मालिकाना हक जता रहे थे। पूरे परिसर के नवीनीकरण के चलते दुकानों को लेकर विवाद बढ़ गया। पहले दोनों पक्षों में समझौते की कोशिश की गई, लेकिन सहमति न बनने पर पुलिस ने केस दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराएं 115 (2) (जान बूझकर चोट पहुंचाना), 126 (2) (गलत तरीके से रोकना), 332-सी (घर में घुसपैठ), 3(5) (सामूहिक मंशा) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
