कंपनी के साफ्टवेयर से गाड़ियां खोलकर देते थे वारदातों को अंजाम
जीरकपुर: नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी मुहिम के दौरान पुलिस ने एक कार चोर गिरोह समेत तीन अलग-अलग मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ बीएनएस की अगल-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पहले मामले में पुलिस ने ढकोली से सवा 6 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान दीपक शर्मा निवासी सूर्या होम्स पीरमुछल्ला ढकोली के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके पास से एक कार बरामद की है। दूसरे मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक चोरी की बाइक बरामद की है। पुलिस को इन आरोपियों के पास नशा होने की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर बरामदगी नही हुई। इस मामले में आरोपियों की पहचान अमन निवासी गांव बस्सी शेखां थाना बनूड़ जिला पटियाला, नरिंदर निवासी गांव कराला जिला पटियाला, इरफान निवासी बरौली डेराबस्सी जिला मोहाली, जोगिंदर उर्फ सोनू निवासी भबात के रूप में की गई है। सभी आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस ने एक कार चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। उनके खिलाफ राजस्थान में भी कई केस दर्ज हैं। पुलिस ने गाड़ी चोरी करने के आरोप में फिलहाल 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक काले रंग की कार बरामद की गई है। आरोपियों ने एरो सिटी के आई ब्लॉक से 10 फरवरी को चोरी की थी। डीएसपी जसपिंदर सिंह गिल और एसएचओ जसकंवल सिंह सेखों ने बताया की यह आरोपी टाटा की गाड़ियों को ही निशाना बनाते थे। उनके मुख्य सरगना मनीश सोलंकी निवासी राजस्थान के पास टाटा कंपनी का सॉफ्टवेयर किट है। इससे वह गाड़ियों खोलते थे और स्टार्ट करके आगे बेच देते थे। मुख्य सरगना मुनीश सोलंकी फिलहाल गिरफ्त से बाहर है।
