लुधियानाः गांव तलवाड़ा नजदीक खेतों में गए 2 दोस्तों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय राजवीर गांव थ्रीके के रूप में हुई है। राजवीर एमबीए कर रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हाे गया। खून से लथपथ युवक को सड़क पर पड़े देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बेटे की हत्या का आरोप उसके दोस्त पर ही लगाया है। राजवीर का परिवार कारोबारी है। उनकी मोगा में पहले इंडिया मोटर्स ऑटो एजेंसी थी। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना में गोली मृतक के पेट से आर-पार हो गई। थाना पीएयू के एसएचओ विजय कुमार ने राजवीर के दोस्त जुगराज के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजवीर का शव डीएमसी अस्पताल में रखवाया गया है। जानकारी मुताबिक जुगराज और राजवीर अच्छे दोस्त है।
जुगराज कानूनी पढ़ाई कर रहा है और राजवीर एमबीए कर रहा था। आज दोनों गांव तलवाड़ा नजदीक खेतों में गए हुए थे। किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इस दौरान जुगराज ने राजवीर पर गोली चला दी। मामले की जानकारी देते हुए पीएयू के एसएचओ विजय ने कहा कि मृतक राजवीर के शव का आज पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही असल घटना के बारे में पता चल सकेंगा।