अमृतसरः जिले के थाना बी डिवीजन अंतर्गत सुल्तानविंड रोड पर आज पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई में नशा तस्कर का घर ढहाया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर खुद मौके पर पहुंचे। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 2026 के दूसरे महीने के अंत तक अमृतसर कमिश्नरेट में नशों के खिलाफ बड़ी मुहिम चल रही है। अब तक 281 मामले दर्ज कर 494 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान ड्रग पैडलरों, सप्लायर्स और स्मगलरों से 13 किलो से अधिक हेरोइन, अफीम और अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। साथ ही लगभग 15 लाख 62 हजार रुपये की ड्रग मनी और 13 वाहन भी जब्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई कोर्ट आत्माराम, सुल्तानविंड रोड स्थित मकान नंबर-4 में की गई है। यह घर दो भाईयों कुलजीत उर्फ़ हैपी पैंचर और जितेंद्र उर्फ़ सोनू का था, जो इस समय जेल में बंद हैं। दोनों के खिलाफ कुल 6 से 8 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें 2014 से लेकर 307, 302, मारपीट-झगड़े, ड्रग ट्रेड, नशीला पाउडर, हेरोइन, ड्रग मनी और स्नैचिंग जैसे हेन्स क्राइम शामिल हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नशों से कमाई गई गैरकानूनी दौलत पर बुलडोजर चलाना एक प्रतीकात्मक पर सख्त संदेश है।
लोग अक्सर देखते हैं कि नशा तस्कर महंगे घर, एसी और शानदार जीवन जी रहे हैं, पर अब यह साफ कर दिया गया है कि ऐसी कमाई कभी भी कानून की नजर से नहीं बचेगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा जहां भी गैरकानूनी निर्माण की पहचान होती है, वहां पुलिस पूरी तरह सहयोग करती है। यह पुलिस द्वारा 20वीं डिमोलिशन कार्रवाई है, जिससे लोगों में एक स्पष्ट और सशक्त संदेश जा रहा है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग छतों पर खड़े होकर इस कार्रवाई को देखते नजर आए। पुलिस कमिश्नर ने अंत में कहा कि नशों के खिलाफ इस मुहिम में जनता का सहयोग बहुत आवश्यक है और पुलिस की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की है।