बठिंडाः पंजाब सरकार के नशा तस्करों के घरों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं अब बठिंडा के बीर तालाब में नशा तस्कर के खिलाफ कार्रवाई की गई। दरअसल, नशीले पदार्थों के खिलाफ शुरू किए गए युद्ध के तहत पुलिस ने कुख्यात बीर तालाब झुग्गी बस्ती में नशा तस्कर के घर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

पुलिस ने कहा कि ड्रग्स बेचकर बनाई गई उनकी कथित संपत्ति को नष्ट किया जा रहा है। जिले की एसएसपी अमनीत कौंडल ने बताया कि उक्त मकान नशा तस्कर सूरज कुमार का था जिसके खिलाफ एनडीपीएस के 5 और एक्साइज एक्ट के 3 मामले दर्ज हैं। आरोपी सूरज कुमार मौजूदा समय में जेल में बंद है।
वह अपनी पत्नी की मदद से यह घर बना रहा था। इस घर में नशा बेचकर की कमाई लगाई जा रही थी। रेवेन्यू विभाग से रिकॉर्ड लेने के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। एसएसपी ने कहा कि किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा तथा सभी नशा तस्कर उक्त कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।