फिरोजपुरः जिले के कस्बा ममदोट में खूनी झड़प का मामला सामने आया है। जहां गांव लखमीर के उताड़ में घर की जगह को लेकर 2 पक्षों के बीच तनाव खूनी झड़प में बदल गया। जिसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वहीं घटना को लेकर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित परिवार का आरोप है कि विरोधी पक्ष ने परिवार के घर की जगह पर कब्जा करने की नीयत से पहले से साजिश रची थी।
जिसके कारण उसने कई साथियों के साथ मिलकर घर पर धावा बोल दिया। इस दौरान हमलावरों ने अचानक ईंट-पत्थर बरसाए। इस मामले को लेकर तस्वीरों में देखा जा सकता है कि लोगों द्वारा हाथों में डंडे थामे हुए हैं और ईंट-पत्थर फेंके जा रहे हैं। लोगों को कानून का भय नहीं रहा। इस हमले के दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने घर में मौजूद एक महिला की निर्दयता से मारपीट की। इस घटना ने परिवार में डर और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। घटना के बाद इलाके के लोग भी इकट्ठा हो गए और मामले को लेकर रोष जताया। परिवार ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
सूचना मिलते ही 112 हेल्पलाइन पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।